डीपीएस में गो अप फाउंडेशन के द्वारा आयोजित किया गया मेंटल हेल्थ अभियान कार्यक्रम
- Post By Admin on Dec 10 2024

मुजफ्फरपुर : जिले के मिठनपुरा स्थित डी.पी.एस. स्कूल में “गो अप फाउंडेशन” द्वारा मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्पीकर सह काउंसलर धीरज श्रीवास्तव ने बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
धीरज श्रीवास्तव ने बच्चों को बताया कि आजकल के बच्चों के सामने कई मानसिक दबाव और तनाव की स्थिति बन रही है। जिन्हें सही तरीके से समझा और संभाला जा सकता है। उन्होंने बच्चों को यह समझाया कि कैसे अपने शरीर और मन को सही आहार, नियमित दिनचर्या और समय प्रबंधन के द्वारा स्वस्थ रखा जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि तनाव से बचने के लिए समय का सही उपयोग करना बेहद जरूरी है। जीवन में सफल होने के लिए माता-पिता से खुलकर संवाद करना चाहिए।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। बच्चों को मानसिक दबाव से बचने के उपाय बताए गए। जिसमें सही आहार, अच्छा सोने का समय, शारीरिक व्यायाम और मानसिक शांति की महत्वपूर्ण भूमिका को समझाया गया। धीरज श्रीवास्तव ने बच्चों से यह अपील की कि वे अपनी परेशानियों को छुपाएं नहीं, बल्कि खुले दिल से अपनी समस्याओं को माता-पिता और शिक्षकों से साझा करें, ताकि उन्हें सही मार्गदर्शन मिल सके।
कार्यक्रम में “गो अप फाउंडेशन” की निर्देशिका पूनम कुमारी, कार्यक्रम संयोजक सुधा सिंह, पुष्पा गुप्ता, सरिता वर्मा, संगीता वर्मा, पूनम रानी, नूपुर सिन्हा और डी.पी.एस. स्कूल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती रीता पराशर मौजूद थीं। इन सभी ने कार्यक्रम की सफलता और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को लेकर अपने विचार साझा किए।