मुजफ्फरपुर : जिले के कटरा प्रखंड में पूर्व सैनिक सेवा परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अम्मा निवासी गंगा सिंह के निवास पर हुई, जिसमें कटरा क्षेत्र के पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके आश्रितों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता शाखाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने की।

बैठक में शाखाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने सदस्यों को वेटरन दिवस पर दानापुर में आयोजित कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पूर्व सैनिकों के योगदान और उनके सम्मान के लिए आयोजित किया गया था। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संयोजक मनोज कुमार सिंह को राज्यपाल द्वारा प्रशस्ति पत्र दिए जाने पर उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की और आभार व्यक्त किया।

बैठक में 12 जनवरी को भगवानपुर शाखा द्वारा आयोजित मकर संक्रांति उत्सव की भी सराहना की गई। शाखाध्यक्ष ने पूर्व सैनिक सेवा परिषद मुजफ्फरपुर संगठन के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह संगठन भारतीय थलसेना, वायुसेना और जलसेना के सभी पूर्व सैनिकों को एक मंच पर लाता है, जहां किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह संगठन किसी भी राजनैतिक प्रचार से दूर रहकर पूर्व सैनिकों की एकता और सेवा के लिए काम करता है।

सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से तय किया कि आगामी होली मिलन उत्सव 9 मार्च, रविवार को सोहिजन निवासी वीरेन्द्र झा के निवास पर आयोजित किया जाएगा।

इस बैठक में शिव कुमार सिंह, राम कुमार महतो, बीरेंद्र झा, राम इकबाल सिंह, गंगा सिंह, जय किशन राय, राम बाबू राय, दिनेश कुमार, शंकर सहनी, रवि कांत झा, राम कुमार सिंह, राम दिनेश ओझा, कौशलेंद्र कुमार सिंह, राम पुनीत सिंह, रामप्रवेश ओझा और हरिशचंद्र ओझा समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।