छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का बड़ा हमला, IED धमाके में 9 जवान शहीद 

  • Post By Admin on Jan 06 2025
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का बड़ा हमला, IED धमाके में 9 जवान शहीद 

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया। कुटरू मार्ग के बेदरे इलाके में सोमवार को नक्सलियों ने IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) का इस्तेमाल कर सुरक्षाबलों की गाड़ी को उड़ा दिया। इस हमले में 9 जवान शहीद हो गए हैं। जबकि कुछ जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबल माओवादियों के खिलाफ ऑपरेशन को अंजाम देकर लौट रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने IED विस्फोट कर जवानों से भरी पिकअप गाड़ी को निशाना बनाया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। धमाके के बाद नक्सलियों ने मौके पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्यवाई ई की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

मौके पर तनावपूर्ण स्थिति

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मुठभेड़ स्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भेजा गया है। घायल जवानों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भेजा गया है। सूत्रों का कहना है कि मुठभेड़ अभी भी जारी है और नक्सलियों को घेरने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

लंबे समय बाद बड़ा हमला

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ समय से नक्सली घटनाओं में कमी आई थी, लेकिन इस हमले ने फिर से राज्य में माओवादी गतिविधियों की गंभीरता को उजागर कर दिया है। यह हमला 2021 के सुकमा-बीजापुर सीमा पर हुए बड़े नक्सली हमले की याद दिलाता है। जिसमें 22 जवान शहीद हुए थे।