लंगट सिंह कॉलेज में छात्रावास आवंटन प्रक्रिया प्रारंभ, वंचित विद्यार्थियों को 30 अक्टूबर तक मौका
- Post By Admin on Oct 08 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय में छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया गुरुवार से विधिवत शुरू कर दी गई है। कॉलेज प्रशासन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-29 और सत्र 2026-30 के छात्रों के प्राप्त आवेदनों की गहन समीक्षा के बाद, प्राचार्या एवं छात्रावास समिति के सदस्यों की अनुशंसा पर नियमों के तहत कमरों का आवंटन किया गया।
कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराया जा रहा है। प्रथम चरण में दोनों सत्रों के पात्र छात्रों को छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जो इच्छुक छात्र अब तक आवेदन नहीं कर सके हैं, वे 30 अक्टूबर तक नया आवेदन जमा कर सकते हैं। शेष आवेदनों की जांच कर जल्द ही अगले चरण के आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। प्राचार्या ने सभी छात्रों से तय समय-सीमा और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।