लखीसराय में बालिका दिवस पर छात्राओं की प्रतिभा को सम्मान, बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ
- Post By Admin on Oct 11 2026
लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय की ओर से बिहरौरा स्थित अनुसूचित जाति-जनजाति आवासीय विद्यालय में पेंटिंग प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने बाल विवाह उन्मूलन और बालिकाओं के अधिकारों में निवेश के संदेश को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में लक्ष्मी कुमारी ने प्रथम, द्रौपदी कुमारी ने द्वितीय और मनोरमा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सह मिशन शक्ति के नोडल पदाधिकारी धीरज कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, जिला समन्वयक संजय कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी और वरीय शिक्षिका साधना कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस की थीम ‘बाल विवाह समाप्त करें और लड़कियों के अधिकारों में निवेश करें’ पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धीरज कुमार ने छात्राओं से परिचय प्राप्त करने के साथ उनकी जानकारी और समझ को परखने के लिए कई सवाल पूछे। छात्राओं ने सवालों के जवाब दिए। इसके बाद उन्होंने करियर परामर्श के माध्यम से छात्राओं को बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए किस विषय समूह से पढ़ाई करना उपयोगी हो सकता है। साथ ही महिलाओं के अधिकारों और उनसे संबंधित कानूनों की जानकारी भी दी गई। धीरज कुमार ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 11 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, लैंगिक समानता, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने छात्राओं को अपनी शिक्षा जारी रखने और भविष्य के लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 की थीम बाल विवाह समाप्त करने और लड़कियों के अधिकारों को मजबूत बनाने पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक समस्या पर रोक लगाने के साथ बालिकाओं को अपने जीवन से जुड़े फैसले लेने की स्वतंत्रता देना तथा उनके नेतृत्व और अधिकारों को प्रोत्साहित करना है। महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि बिहार लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए 50,000 रुपए और संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। इस तरह की सहायता से महिलाओं को प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह की रोकथाम के लिए उपस्थित लोगों और छात्राओं को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। आयोजन का समापन वरीय शिक्षिका साधना कुमारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर विकासार्थ ट्रस्ट के जिला समन्वयक संजय कुमार, सुनील कुमार, शिक्षिका रानी कुमारी, मौसम, सुप्रिया, अंजू, गुंजा सहित विद्यालय की दर्जनों छात्राएं मौजूद रहीं।अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में भी पेंटिंग, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उनके अधिकारों और सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।