महानायक अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर सजेगी सुरों की महफिल, देश-विदेश के कलाकार देंगे प्रस्तुति

  • Post By Admin on Oct 11 2026
महानायक अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर सजेगी सुरों की महफिल, देश-विदेश के कलाकार देंगे प्रस्तुति

पटना : सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के अवसर पर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की कला-संस्कृति इकाई 11 अक्टूबर 2026 को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अमिताभ बच्चन के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त करेंगे। आयोजन में संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय सिनेमा के इस दिग्गज कलाकार के योगदान को याद किया जाएगा।

कार्यक्रम में डॉ. रंजन कुमार, शालिनी बैरागी, मृणालिनी अखौरी, जुबिन सिन्हा, नवीन कुमार, कुमार संभव, आशीष कुमार, अभिषेक माथुर, यश माथुर और तानिश श्रीवास्तव अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न कलाकारों की भागीदारी से आयोजन को विविध सांस्कृतिक रंग देने की तैयारी है। जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि अमिताभ बच्चन ने अपने अभिनय, परिश्रम, अनुशासन और असाधारण प्रतिभा के दम पर भारतीय सिनेमा में विशिष्ट स्थान बनाया है। उनका प्रभाव कई पीढ़ियों तक रहा है और उनका फिल्मी सफर देश की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। उनके जन्मदिन पर यह आयोजन उनके प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ कला और संस्कृति के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कलाकारों की प्रस्तुतियां कार्यक्रम को यादगार बनाएंगी।

जीकेसी की मैनेजिंग ट्रस्टी रागिनी रंजन ने कहा कि कला और संस्कृति समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने तथा भावनाओं को रचनात्मक रूप से व्यक्त करने का प्रभावी माध्यम हैं। अमिताभ बच्चन ने अपने लंबे फिल्मी सफर में ऐसी पहचान बनाई है, जिसका असर आज भी दर्शकों पर कायम है। उनके जन्मदिन पर आयोजित यह कार्यक्रम कलाकारों को प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ भारतीय सिनेमा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करने की पहल है। कार्यक्रम का आयोजन राजीव रंजन प्रसाद के निर्देशन और रागिनी रंजन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इसका संचालन जीकेसी के कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल महासचिव पवन सक्सेना और राष्ट्रीय महासचिव शिवानी गौड़ करेंगी।

जीकेसी के ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष एवं कला-संस्कृति प्रकोष्ठ से जुड़े प्रेम कुमार ने कहा कि अमिताभ बच्चन करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं। उनके जन्मदिन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ कलाकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल महासचिव पवन सक्सेना ने कहा कि कार्यक्रम के जरिए देश-विदेश के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा। उन्होंने बताया कि जीकेसी भारतीय कला, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने तथा कलाकारों को अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

गौरतलब है कि ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस की कला-संस्कृति इकाई भारतीय कला, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित करती है। अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर होने वाला यह विशेष आयोजन भी इसी उद्देश्य से जुड़ा है।