समस्तीपुर : ताजपुर प्रखंड के मुरादपुर बंगरा ग्राम के वार्ड सं0-08 के निवासियों ने उक्त स्थान पर स्थित श्मशान भूमि को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की मिलीभगत से जोतकर खेल मैदान बनाने, क्रिकेट पीच का निर्माण करने, अस्मार्क को तोड़ने और श्मशान में स्थित पेड़ की मोटी-मोटी कच्ची टहनियों को काटने का आरोप लगाया गया है।
इसको लेकर स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और इसका विरोध कर रहे हैं। विरोध में कल, 7 फरवरी 11 बजे से श्मशान भूमि पर ही रंजीत कुमार, मनोज राम और अशोक पासवान आमरण अनशन पर बैठेंगे। इनका आरोप है कि प्रशासन ने अब तक कोई उचित कानूनी कार्यवाही नहीं की है। इसके साथ ही दिनेश कुमार कुशवाहा और राजेश कुमार उपवास पर बैठेंगे।
यह मामला ताजपुर प्रखंड में चर्चा का विषय बन गया है और स्थानीय समुदाय इसे अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के साथ अन्याय मानते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि श्मशान भूमि का उपयोग केवल अंतिम संस्कार के लिए किया जाता है और इस तरह से उसे जोतकर खेल मैदान बनाना पूरी तरह से गलत है।
इस मुद्दे को लेकर पंचायत-मुरादपुर बंगरा के रंजीत कुमार ने प्रशासन से उचित कार्यवाही की मांग की है और कहा कि यदि प्रशासन जल्द कोई कदम नहीं उठाता है तो वे अपने विरोध को और तेज करेंगे।




















