पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए जीएसटी सुधारों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जो कहते हैं, वही करते हैं। उन्होंने कहा कि दिवाली तक जीएसटी में अगली पीढ़ी के कर सुधारों की घोषणा नवरात्रि से प्रभावी हो रही है और यह देश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
श्री सिन्हा ने बताया कि आयकर और जीएसटी के समन्वय से अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक और दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। गरीब, युवा, अन्नदाता और नारीशक्ति जैसे समाज के वर्गों को इन सुधारों का सीधा लाभ मिलेगा। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं अब सस्ती होंगी, जिससे बचत बढ़ेगी और निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी में अब चार स्लैब की जगह केवल दो स्लैब – 5% और 18% – रहेंगे, जिससे प्रक्रिया सरल होगी और व्यवसाय में सुगमता आएगी। रोजमर्रा की वस्तुओं पर 5% या शून्य कर लागू किया गया है, वहीं शिक्षा, बीमा और अन्य आवश्यक सेवाओं पर भी जीरो टैक्स रखा गया है। कृषि, स्वास्थ्य, दवाइयां और ऑटोमोबाइल पर कर 0 से 18% तक सीमित रहने से इन क्षेत्रों के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। मध्यम वर्ग, किसान और छोटे उद्यमी इस विकास यात्रा की रीढ़ हैं। जीएसटी सुधारों से बिहार के लोग विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने विलासिता और गैर-जरूरी खर्च पर कर बढ़ाकर यह संदेश दिया है कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य प्राथमिकता के साथ हासिल किया जाएगा।




















