सकरा से गायब हुई चार नाबालिग लड़कियां इलाहाबाद स्टेशन से बरामद, एक युवक गिरफ्तार
- Post By Admin on Dec 10 2024

मुजफ्फरपुर : सकरा थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव से रविवार शाम गायब हुईं चार नाबालिग लड़कियां पुलिस ने सोमवार को इलाहाबाद स्टेशन से बरामद कर लीं। पुलिस ने चारों को एक युवक के साथ लिच्छवी एक्सप्रेस ट्रेन से पकड़ा। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया था।
परिजनों के अनुसार, चारों लड़कियां रविवार शाम खाना बनाने के लिए लकड़ी लेने जंगल गई थीं। जब देर रात तक वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और सहेलियों से पूछताछ करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला। अंततः सोमवार सुबह परिजनों ने सकरा थाने में शिकायत की।
गांव में चार लड़कियों के अचानक गायब होने से किडनैपिंग की आशंका जताई गई। मुखिया अजय कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि चारों लड़कियाँ घर में खाना बनाने के लिए पेड़ से लकड़ी तोड़ने गई थीं। देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटीं तो मामले की गंभीरता बढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही सकरा थाना प्रभारी राजू पाल ने कार्रवाई शुरू की। ग्रामीण एसपी विद्यासागर ने बताया कि चारों लड़कियां दोस्त थीं और शुरुआती जांच में पता चला कि वे डोली स्टेशन से बाहर गई थीं। उनकी बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
सोमवार को इलाहाबाद स्टेशन पर लिच्छवी एक्सप्रेस से चारों लड़कियों को एक युवक के साथ बरामद किया गया। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था या वे अपनी मर्जी से गई थीं।
लड़कियों की बरामदगी के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस चारों लड़कियों के बयान दर्ज कर रही है और युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है।