प्रशांत किशोर समेत 700 पर FIR, अभ्यर्थियों को भड़काने का आरोप

  • Post By Admin on Dec 30 2024
प्रशांत किशोर समेत 700 पर FIR, अभ्यर्थियों को भड़काने का आरोप

पटना : बीपीएससी परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर और अन्य लोगों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्यवाई की है। जिला प्रशासन ने प्रशांत किशोर सहित 21 नामजद और 600-700 अज्ञात लोगों के खिलाफ गांधी मैदान थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि इन लोगों ने प्रतिबंधित स्थल पर अनधिकृत प्रदर्शन कर विधि-व्यवस्था भंग की और प्रशासन के आदेशों की अवहेलना की।

प्रदर्शन और आरोपों का सिलसिला

प्राथमिकी के संबंध में जिला प्रशासन का कहना है कि 28 दिसंबर को 5:30 बजे शाम में जन सुराज पार्टी ने पटना के गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति के सामने छात्र संसद के आयोजन की सूचना जारी की थी। कुछ घंटों के बाद पटना जिला प्रशासन ने नियमानुसार अस्वीकृत करते हुए आवेदक को ससमय सूचित कर दिया था। प्रशासन का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी 29 दिसंबर 2024 को प्रशांत किशोर ने गांधी मूर्ति के समीप अनधिकृत रूप से भीड़ को इकट्ठा कर उन्हें उकसाया और विधि–व्यवस्था की समस्या उत्पन्न की। 

जिला प्रशासन का यह भी आरोप है कि प्रदर्शनकारियों के साथ प्रशांत किशोर ने जेपी गोलंबर तक बिना अनुमति के जुलूस निकाला और सड़क जाम किया। इतना ही नहीं वहां पर कर्तव्य पर मुस्तैद दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ धक्का–मुक्की भी की। इन लोगों पर यह भी आरोप है कि भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगाए गए लाउड स्पीकर को भी इनलोगों ने क्षतिग्रस्त किया। प्रशासन के द्वारा बार–बार अनुरोध करने के बाद भी इन लोगों ने प्रशासन के दिशा–निदेशों का उल्लंघन करते हुए लोक व्यवस्था को भंग किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार और हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

प्रशांत किशोर पर गंभीर आरोप

प्रशांत किशोर पर आरोप है कि वे प्रदर्शन के दौरान छात्रों को भड़काने के बाद मौके से चले गए। साथ ही, ज्ञापन सौंपने के लिए पांच लोगों का डेलीगेशन भेजने की बात कही गई थी लेकिन कोई नाम नहीं दिया गया।

नामजद आरोपियों की सूची

प्रशांत किशोर समेत 21 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें जन सुराज पार्टी के अध्यक्ष मनोज भारती, कोचिंग संचालक रह्मांशु मिश्रा, निखिल मणि तिवारी, सुभाष कुमार ठाकुर, शुभम स्नेहिल, आनंद मिश्रा, प्रशांत किशोर एवं 2 बाउंसर जो प्रशांत किशोर के साथ थे, राकेश कुमार मिश्रा, विष्णु कुमार और सुनामी कोचिंग के संचालक सुजीत कुमार सहित कुल 21 नामजद और 600–700 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।