पटना : बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा के पति डॉ. बृज भूषण सिन्हा का आज पटना के श्री साई अस्पताल में निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे। कुछ दिन पहले घर में गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई थी, जिसके बाद ब्रेन हेमरेज हो गया था। अस्पताल में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो पाया और आज उनका निधन हो गया।
डॉ. बृज भूषण सिन्हा बिहार सरकार के शिक्षा विभाग में क्षेत्रीय उपनिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। शारदा सिन्हा के करियर में मिली सफलता के पीछे उनके पति का अभूतपूर्व योगदान रहा। शारदा सिन्हा ने कई पारिवारिक विरोध और कठिनाइयों के बावजूद अपने संगीत की दुनिया में जो पहचान बनाई, उसमें डॉ. सिन्हा का अटूट समर्थन हमेशा उनके साथ था। खासकर जब परिवार के भीतर उनके गायन को लेकर आपत्ति थी, तब भी डॉ. सिन्हा ने शारदा का हर कदम पर साथ दिया।
डॉ. बृज भूषण सिन्हा के निधन से शारदा सिन्हा और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंतिम संस्कार कल पटना के गुलाबी घाट पर किया जाएगा।




















