फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का किया सम्मान

  • Post By Admin on Dec 02 2024
फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का किया सम्मान

मुजफ्फरपुर : सरैयागंज स्थित नवयुवक समिति ट्रस्ट के सभागार में रविवार को फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन मुजफ्फरपुर इकाई द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का अभिनंदन एवं कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष रामबाबू पटेल ने की। जबकि संचालन काशी नाथ झा ने किया।

संगठन महासचिव देवन रजक ने अपने संबोधन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गुणवत्तापूर्ण अनाज की आपूर्ति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन यह सुनिश्चित करेगा कि सभी विक्रेता सड़ा-गला अनाज न बेचें और घटतौली जैसी अनियमितताओं को सख्ती से रोका जाए। इसके लिए एसोसिएशन जिले के सभी एसएफसी गोदामों का निरीक्षण करेगी और सही गुणवत्ता का अनाज दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

देवन रजक ने कहा कि संगठन का मुख्य कार्य विक्रेताओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और संगठन को प्रखंड स्तर पर मजबूत बनाना होगा। उन्होंने निष्क्रिय प्रखंड इकाइयों को भंग कर नए चुनाव कराने का भी संकेत दिया। उन्होंने सभी विक्रेताओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर चल रही लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो सभी को इस संघर्ष में आगे आना होगा।

कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को सम्मानित किया गया। विचार व्यक्त करने वालों में काशी नाथ झा, जानकी रमण शाही, भीमबली सहनी, मुन्ना यादव, संतोष कुमार पप्पू, रामपुकार साह, वरुण कुमार चौधरी, प्रमोद चौधरी, संजय कुमार यादव, सत्यदेव पासवान, रामसेवक पासवान और अन्य प्रमुख सदस्य शामिल थे।