मुजफ्फरपुर : शहर में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की सुबह घने कोहरे से शुरू हुई। जबकि दिनभर बर्फीली हवा चलने से कोल्ड डे जैसे हालात बने रहे। शाम होते ही कनकनी इतनी बढ़ गई कि सड़कों पर सन्नाटा छा गया। ठंड और कोहरे के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रहा। बीते 24 घंटों में दिन के तापमान में अचानक छह डिग्री की गिरावट से ठंड का असर और बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने 26 जनवरी तक ठंड के बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। अगले पांच दिनों तक कोहरे और ठंडी हवाओं का असर जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पछुआ हवा 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है, जिससे ठंड का असर और तेज होगा।
घने कोहरे के कारण वाहनों और ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। जबकि अन्य वाहनों की गति धीमी हो गई है। शाम के समय सड़कों पर आवाजाही लगभग बंद हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार, देश के पर्वतीय इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के साथ कोहरे का प्रभाव बढ़ने की संभावना है।




















