अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण : भाजपा

  • Post By Admin on Dec 26 2024
अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण : भाजपा

मुजफ्फरपुर : भारतीय जनता पार्टी की ओर से बीते बुधवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी मनाई गई। इस अवसर पर जिला भाजपा मुख्यालय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिनमें अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी, उनके योगदान और उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर चर्चा की गई। अटल बिहारी वाजपेयी और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक मदन मोहन मालवीय की जयंती के मौके पर जिला भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता जुटे। कार्यक्रम की शुरुआत जिला भाजपा कार्यालय पर हुई। जहां जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने प्रदेश महामंत्री डॉ. राजेश कुमार वर्मा के साथ अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा, “हम अटल जी की जन्म शताब्दी को सुशासन दिवस के रूप में मना रहे हैं। उनका जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण था। अटल बिहारी वाजपेयी का हर निर्णय और योजना जनकल्याण के लिए थी और उनका मानना था कि जनकल्याण केवल सुशासन से ही संभव है। उन्होंने अपने जीवन में एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए।” उन्होंने यह भी कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का कार्य और उनके सिद्धांत भारतीय राजनीति में एक अमिट छाप छोड़ गए हैं। उनका समर्पण, ईमानदारी और पारदर्शिता हमें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

मुख्य अतिथि और प्रदेश महामंत्री डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने कार्यक्रम में अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेयी की स्थायी धरोहरों की सराहना की। उन्होंने कहा, “अटल जी ने भारत को सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका नेतृत्व ही था जिसने स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, पोखरण परमाणु परीक्षण और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी ऐतिहासिक योजनाओं को देशवासियों के लिए संभव बनाया। उनका दृष्टिकोण हमेशा देश की प्रगति और विकास के लिए था।”

उन्होंने यह भी कहा कि अटल जी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा का स्त्रोत है और उनकी योजनाओं का प्रभाव आज भी समाज में देखा जा सकता है। अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर भाजपा ने समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए। वृद्धजनों के सम्मान में शहर के मिठनपुरा स्थित वृद्धाश्रम में भोजन, मिठाई और केक का वितरण किया गया। इसके साथ ही कलमबाग रोड स्थित मूक बधिर केंद्र में बच्चों को टॉफी, बिस्कुट और पाठ्य सामग्री वितरित की गई।

इस अवसर पर पूर्व विधायक बेबी कुमारी, पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र प्रसाद सिंह, जिला महामंत्री सचिन कुमार और कई अन्य भाजपा नेता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रभु कुशवाहा ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री नंद किशोर यादव ने दिया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अंकज कुमार, मंत्री धनंजय झा, मीडिया प्रभारी आशीष श्रीवास्तव, डॉ. साकेत सुभम, आशीष अग्रवाल, प्रवक्ता सत्यप्रकाश भारद्वाज, मोर्चा अध्यक्ष राशि खत्री, विजय पांडे, विधि प्रकोष्ठ संयोजक अनिल सिंह, मनोज कुमार पिंटू, रविरंजन शुक्ला, गुड़िया मेहता, आनंद कृष्ण, शांतनु शेखर, अभिषेक सौरभ और दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।