अपराधियों ने स्कूल संचालक को गोलियों से भूना, आरोपी गिरफ्तार
- Post By Admin on Dec 26 2024

मोतिहारी : जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक स्कूल संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने बीते बुधवार की सुबह इस घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब स्कूल संचालक विद्यालय जाने के लिए अपने घर से निकले थे। मृतक डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के रामपुरवा गांव का 35 वर्षीय मोहम्मद इरशाद बताया जा रहा है। अपराधियों ने इरशाद के सिर और पेट में गोली मारी है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि बीते बुधवार की सुबह इरशाद स्कूल जाने के लिए घर से निकला था तभी उसके पड़ोसी हसमुद्दीन ने उसपर गोलीबारी शुरू कर दी। पेट में गोली लगने के बाद इरशाद भागकर अपने चाचा के घर पहुंचा लेकिन घर का दरवाजा बंद था। इसी बीच हसमुद्दीन ने इरशाद के सिर में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने गंभीर रुप से घायल इरशाद को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया लेकिन उससे पहले रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इरशाद को गोली मारने वाला शख्स उसका रिश्तेदार बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इधर कुछ दिनों से दोनों के बीच जमीनी विवाद चल रहा था। इरशाद रामपुरवा में एक प्राइवेट स्कूल चलाता था। घटना की सूचना पाकर चकिया के एसडीपीओ सत्येन्द्र कुमार सिंह एवं केसरिया के पुलिस इंस्पेक्टर मुनीर आलम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरु कर दी। एसडीपीओ के नेतृत्व में त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने घटना के महज दो घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अपराधी के निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है।