मुजफ्फरपुर में एक रेल फाटक चार रातों तक रहेगा बंद, रात 10 से सुबह 6 बजे तक आवागमन प्रभावित
- Post By Admin on Feb 20 2026
मुजफ्फरपुर : शहरवासियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। गोबरसही रेल फाटक 20 से 23 फरवरी तक लगातार चार रातों के लिए बंद रहेगा। रेलवे ट्रैक पर मरम्मत और संरक्षा से जुड़े विशेष कार्य के कारण यह निर्णय लिया गया है। रेल प्रशासन के अनुसार फाटक हर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रहेगा, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहेगा।
रेल विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के दौरान स्लीपर बदलने, चेक रेल चेजिंग एंड ओवरहॉलिंग तथा रेलपथ मरम्मत का काम किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य संरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक है और भविष्य में सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए इसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना जरूरी है। वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर, रेलपथ द्वारा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्वी एसडीओ को पत्र भेजकर सहमति प्राप्त कर ली गई है। साथ ही सदर थाना, नारायणपुर आरपीएफ, मुजफ्फरपुर आरपीएफ, जीआरपी और संबंधित स्टेशन प्रबंधकों को भी अग्रिम सूचना दे दी गई है, ताकि बंदी के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रहे।
गोबरसही रेल फाटक एनएच से सटा होने के कारण शहर के प्रमुख मार्गों में गिना जाता है। ऐसे में देर रात यात्रा करने वाले लोगों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। रेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से अपील जारी करते हुए कहा है कि चालक और यात्री निर्धारित समय में इस रूट से बचें। वैकल्पिक मार्ग के तौर पर भगवानपुर ओवरब्रिज, बीबीगंज रेल फाटक और मझौलिया रेल फाटक का उपयोग किया जा सकता है। हालांकि, अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया है कि रात के समय भगवानपुर ओवरब्रिज पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। इसे देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन के लिए दंडाधिकारी और सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
रेलवे अधिकारियों ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि अस्थायी असुविधा के बदले यह कदम दीर्घकालिक सुरक्षा और सुविधा के लिए उठाया जा रहा है। कार्य पूर्ण होते ही फाटक को सामान्य आवागमन के लिए पुनः खोल दिया जाएगा।