लंगट सिंह कॉलेज में रूसी भाषा पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन 

  • Post By Admin on Dec 18 2024
लंगट सिंह कॉलेज में रूसी भाषा पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन 

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज के आईक्यूएसी ने बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के रूसी विभाग के सहयोग से बीते मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। जो पूरी तरह से रूसी भाषा और संस्कृति को समर्पित थी। इस कार्यक्रम में रूस के भाषा विशेषज्ञों द्वारा छात्रों और शिक्षकों को रूसी भाषा की बारीकियों के बारे में ज्ञानवर्धक सत्र प्रस्तुत किए गए। 

कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने कहा कि यह कार्यशाला छात्रों और शिक्षकों को रूसी भाषा और संस्कृति की समझ को गहराई से जानने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। उन्होंने भारत और रूस के बीच मजबूत सांस्कृतिक और शैक्षिक संबंध की बात करते हुए कहा कि यह बंधन अंतर-सांस्कृतिक समझ और वैश्विक नागरिकता को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाता है। 

प्रो. ओमप्रकाश राय ने कॉलेज के उद्देश्य की बात करते हुए कहा कि कॉलेज छात्रों को ऐसी शिक्षा प्रदान करता है जो उन्हें एक तेज गति से परस्पर जुड़ी दुनिया में सफलता प्राप्त करने के लिए तैयार करती है। कार्यशाला में रूस से आए विशेषज्ञ पोलिना दोरोजाकिना और अन्ना लिस्टोवा ने रूसी भाषा के व्याकरण, उच्चारण और बारीकियों के बारे में गहन जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने रूस की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, साहित्य, संगीत और कला से छात्रों को अवगत कराया। 

उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान एक दीर्घकालिक संबंध है। जिसने दोनों देशों की भाषाओं और संस्कृतियों को आपस में प्रभावित किया है। आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. एसआर चतुर्वेदी ने कार्यशाला का स्वागत करते हुए कहा कि इस कार्यशाला ने रूसी भाषा बोलने, पढ़ने और लिखने के कौशल में सुधार करने और रूसी संस्कृति के प्रति गहरी समझ हासिल करने के लिए एक शानदार मंच प्रदान किया है। 

उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को वैश्विक परिप्रेक्ष्य में सक्षम बनाने के लिए बहुत आवश्यक हैं। कार्यशाला में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के रशियन विभाग के प्राध्यापक डॉ. दिव्यम प्रकाश और डॉ. सुषमा कुमारी ने भी रूसी भाषा और संस्कृति पर अपने विचार साझा किए। इस कार्यक्रम में डॉ. तथागत बनर्जी, डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. बाणेश्वर शर्मा, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. इम्तियाज, सुजीत कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद थे।