आंध्रप्रदेश : आंध्रप्रदेश के एक सांसद द्वारा दिया गया बयान इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। विजयनगरम से टीडीपी के सांसद कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने तीसरे बच्चे के जन्म पर महिलाओं को 50,000 रुपये देने की पेशकश की है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी ऐलान किया कि यदि महिला लड़के को जन्म देती है तो उसे गाय भी भेंट की जाएगी।
इस बयान के बाद सांसद ने कहा कि वह अपने वेतन से यह नकद प्रोत्साहन राशि देने का फैसला करेंगे। यह घोषणा मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू द्वारा दक्षिण भारत में घटती जनसंख्या की चिंताओं के बीच की गई है। मुख्यमंत्री ने जनसंख्या वृद्धि को बढ़ावा देने की वकालत करते हुए कहा कि अब परिवार नियोजन के बजाय दीर्घकालिक जनसांख्यिकीय प्रबंधन की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मार्च में दिल्ली यात्रा के दौरान कहा था, “हमारे राज्य की जनसंख्या वृद्ध हो रही है, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में युवा जनसंख्या है। हमें जनसंख्या नियंत्रण नहीं, बल्कि उसे बढ़ावा देने की आवश्यकता है, ताकि हम भविष्य में अपने जनसंख्यिकीय लाभांश का लाभ उठा सकें।”
इसी दिशा में मुख्यमंत्री ने शनिवार को एक और घोषणा की। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रकाशम जिले के मरकपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार अब सभी महिला कर्मचारियों को प्रसव के समय मातृत्व अवकाश प्रदान करेगी, चाहे उनके कितने भी बच्चे हों। पहले यह सुविधा केवल दो बच्चों तक सीमित थी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा उद्देश्य परिवार वृद्धि को प्रोत्साहित करना, जनसंख्या संतुलन को सुधारना और महिलाओं को उनके पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन को संतुलित करने में मदद करना है। यह कदम महिलाओं को सशक्त बनाने और आंध्रप्रदेश के लिए एक मजबूत भविष्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।”


















