मुजफ्फरपुर : केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ कैंप झपहा के विद्यार्थियों ने संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में कुल 46 पदक जीतकर विद्यालय के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इनमें 12 स्वर्ण, 19 रजत और 15 कांस्य पदक शामिल हैं।
विद्यालय के खिलाड़ियों ने रस्सीकूद, शतरंज, तैराकी और हैमर थ्रो जैसी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में विद्यार्थियों ने बेहतरीन खेल कौशल दिखाते हुए प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
इस सफलता के पीछे विद्यालय के शारीरिक शिक्षक अरविंद कुमार की अहम भूमिका रही। उनके नेतृत्व और लगातार प्रशिक्षण के कारण विद्यार्थियों ने कठिन मेहनत कर यह उपलब्धि हासिल की। विद्यालय परिवार ने इस सफलता को सामूहिक प्रयास और अनुशासन का परिणाम बताया है। प्रतियोगिता की विशेष उपलब्धियों में तैराकी में प्रांजल ने प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि शतरंज प्रतियोगिता में साक्षी कुमारी का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। इन उपलब्धियों से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मंजू देवी सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और अनुशासन ने विद्यालय को यह गौरव दिलाया है। साथ ही उन्होंने शारीरिक शिक्षक एवं सभी शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की। विद्यालय की इस ऐतिहासिक सफलता से केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ कैंप झपहा की प्रतिष्ठा को नई पहचान मिली है और पूरे क्षेत्र में विद्यालय की उपलब्धियों की चर्चा हो रही है।




















