प्रशांत किशोर का भाजपा पर तंज, बोले - बिहार में नेतृत्वहीन हो गई है बीजेपी
- Post By Admin on Feb 26 2025
पटना : बिहार की राजनीति में कैबिनेट फेरबदल के बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को किसी गांव में खड़ा कर दिया जाए, तो उन्हें 10 लोग भी पहचान नहीं पाएंगे।
किशोर ने भाजपा के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो पार्टी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बताती है, उसकी स्थिति बिहार में दयनीय हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास राज्य में कोई स्पष्ट और मजबूत चेहरा नहीं है, और इसी वजह से उसने 43 विधायकों के होते हुए भी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाए रखा।
प्रशांत किशोर ने इसे भाजपा की एक बड़ी रणनीतिक गलती करार देते हुए कहा कि इस फैसले की कीमत पार्टी को आगामी चुनावों में चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की मौजूदा स्थिति बताती है कि बिहार में उसका नेतृत्व कमजोर हो गया है और पार्टी अपने ही निर्णयों से राजनीतिक रूप से कमजोर होती जा रही है।