चुनावी मौसम में आई मोदी जी को बिहार की याद, जनता हो जाएं सतर्क : प्रशांत किशोर

  • Post By Admin on Mar 03 2025
चुनावी मौसम में आई मोदी जी को बिहार की याद, जनता हो जाएं सतर्क : प्रशांत किशोर

पटना : जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव तक मोदी जी को बिहार की गौरवशाली विरासत स्पष्ट दिखने लगेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब बिहार में तक्षशिला और विक्रमशिला की गूंज सुनाई देगी, क्योंकि चुनावी माहौल में मोदी सरकार को अचानक बिहार की याद आ गई है।  

प्रशांत किशोर ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले महीनों में प्रधानमंत्री मोदी बिहार को विशेष तवज्जो देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब किसान सम्मान निधि की किस्तें दिल्ली से नहीं बल्कि बिहार से ही बंटेगी। मोदी जी खुद बिहार आकर बटन दबाएंगे और चुनाव तक केंद्र सरकार की हर बड़ी घोषणा यहीं से होगी।  

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट में बिहार को 100 करोड़ का मखाना बोर्ड दिया गया, लेकिन गुजरात में 1 लाख करोड़ की बुलेट ट्रेन परियोजना दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बिहार के हिस्से सिर्फ मखाना बोर्ड ही क्यों आया, जबकि गुजरात में मेगा प्रोजेक्ट्स की झड़ी लगाई जा रही है? प्रशांत किशोर ने बिहारवासियों से अपील की कि वे इन चुनावी घोषणाओं के पीछे की सच्चाई को समझें और अपने हक की आवाज बुलंद करें।