मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए भाजपा ने चलाया शैडो कैंपेन : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

  • Post By Admin on Nov 13 2024
मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए भाजपा ने चलाया शैडो कैंपेन : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि उसने "शैडो कैंपेन" के माध्यम से उनकी और राज्य की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। उन्होंने बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा द्वारा फेसबुक पर "झारखंड चौपाल" और "रांची चौपाल" जैसे विभिन्न अकाउंट्स से 72 लाख रुपये के विज्ञापन और पेड बूस्ट किए गए हैं। सोरेन का दावा है कि इन पेजों का एकमात्र उद्देश्य उनकी छवि को खराब करना और राज्य में धार्मिक उन्माद फैलाना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने चुनाव आयोग में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने 95,000 से अधिक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर राज्य और राज्यवासियों की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है।

सोरेन ने कहा, "जहां भाजपा ने मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए, वहीं मैंने किसी भी प्रमोशन पर एक रुपया भी खर्च नहीं किया।" साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी असली ताकत राज्य की जनता है, जो हर मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी रही है।