लोकतंत्र के त्योहार में उमड़ा मतदाताओं का उत्साह, बूथों पर लंबी कतारें
- Post By Admin on Nov 13 2024

आदित्यपुर : झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं का उत्साह चरम पर है। 43 विधानसभा सीटों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, लेकिन आदित्यपुर के कई बूथों पर मतदाता सुबह 6:30 बजे से ही कतारबद्ध होकर अपने वोट डालने का इंतजार कर रहे थे।
हालांकि, बीएलओ की नाकामयाबी भी इस चुनाव में उजागर हुई है। मतदाताओं को उनके घरों पर पर्ची नहीं पहुंचाई गई, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। मतदाता अपनी पहचान पत्र लेकर बूथों के बाहर राजनीतिक दलों द्वारा लगाए गए शिविरों से पर्ची प्राप्त कर रहे हैं।
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त है। सभी बूथों पर सीआरपीएफ और जिला बल के जवान तैनात हैं। ये सभी मतदाताओं को कतारबद्ध होकर शांति से मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आदित्यपुर में लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं का जोश देखने लायक है।