जेल से सीधे विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह, वोट को लेकर किया बड़ा खुलासा

  • Post By Admin on Mar 16 2026
जेल से सीधे विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह, वोट को लेकर किया बड़ा खुलासा

पटना : बिहार विधानसभा में सोमवार को राज्यसभा की पांच सीटों के लिए मतदान के बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह भी वोट डालने के लिए जेल से विधानसभा पहुंचे। दुलारचंद यादव हत्याकांड में बेउर जेल में बंद बाहुबली विधायक अनंत सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान के लिए विधानसभा लाया गया।

विधानसभा पहुंचने पर जब उनसे पूछा गया कि वे किसे वोट देंगे, तो उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में वोट करेंगे। अनंत सिंह सरकारी वाहन से जेल से सीधे विधानसभा पहुंचे थे। इस दौरान वे अपने पुराने अंदाज में सफेद शर्ट और काला चश्मा पहने नजर आए और संक्षिप्त बातचीत में कहा कि वे नीतीश कुमार के लिए वोट देने आए हैं।

गौरतलब है कि अनंत सिंह ने 3 फरवरी 2026 को बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली थी। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया था। पटना सिविल कोर्ट ने उन्हें शपथ लेने के लिए विधानसभा जाने की अनुमति दी थी।

उस समय भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें विधानसभा लाया गया था और बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही के दौरान उन्होंने विधायक पद की शपथ ली थी। शपथ ग्रहण के बाद उन्हें वापस बेउर जेल भेज दिया गया था।

बता दें कि अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड के आरोपी हैं और इस मामले में उन्हें अब तक जमानत नहीं मिली है। कोर्ट ने उन्हें केवल शपथ ग्रहण जैसी सीमित गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति दी थी। विधानसभा आने-जाने के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।