दुबई में ड्रोन हमले से एयरपोर्ट संचालन प्रभावित, 19 भारतीयों पर कार्यवाई

  • Post By Admin on Mar 16 2026
दुबई में ड्रोन हमले से एयरपोर्ट संचालन प्रभावित, 19 भारतीयों पर कार्यवाई

दुबई : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात में भी सुरक्षा हालात गंभीर हो गए हैं। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास ड्रोन हमले की घटना के बाद सोमवार को एहतियातन उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार हवाई अड्डे के नजदीक आग लगने की घटना के बाद यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया।

जानकारी के मुताबिक ड्रोन हमले के कारण हवाई अड्डे की सीमा के पास आग लग गई थी, जिसे आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत काबू में कर लिया। दुबई मीडिया कार्यालय ने बताया कि हवाई रक्षा प्रणालियों ने घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों से संबंधित ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करें।

इसी बीच क्षेत्रीय तनाव के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक और मनगढ़ंत वीडियो साझा करने के आरोप में यूएई ने 19 भारतीय नागरिकों समेत 35 लोगों की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं। यूएई की आधिकारिक समाचार एजेंसी के अनुसार आरोपियों को त्वरित सुनवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार जांच में पता चला कि आरोपी तीन अलग-अलग समूहों में बंटकर गतिविधियां चला रहे थे। इनमें मौजूदा घटनाओं से जुड़े वीडियो पोस्ट करना, कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से फर्जी वीडियो बनाना और किसी देश की सैन्य कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए उसका प्रचार करना शामिल था।

यूएई के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमाद सैफ अल शम्सी ने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म की कड़ी निगरानी के दौरान यह कार्रवाई की गई है। इसका उद्देश्य झूठी सूचनाओं और कृत्रिम रूप से तैयार सामग्री के प्रसार को रोकना है, जो सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका, इजरायल और ईरान से जुड़े हालिया सैन्य तनाव के बाद पश्चिम एशिया में ड्रोन और मिसाइल हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं, जिसके कारण क्षेत्रीय विमानन सेवाओं पर भी असर पड़ा है। पहले भी दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानें बाधित होने से पूरे क्षेत्र में 1800 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।

अधिकारियों ने दुबई से होकर यात्रा करने वाले यात्रियों, विशेषकर भारत से आने-जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे उड़ान समय सारिणी से जुड़ी ताजा जानकारी एयरलाइनों की वेबसाइट या मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से प्राप्त करते रहें।