बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर : जॉब कैम्प का आयोजन, जानें क्या है योग्यता

  • Post By Admin on Dec 20 2025
बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर : जॉब कैम्प का आयोजन, जानें क्या है योग्यता

लखीसराय : जिले के बेरोजगार युवकों के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। निदेशक नियोजन एवं प्रशिक्षण, बिहार पटना तथा संबंधित उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार जिला नियोजनालय, लखीसराय के तत्वावधान में SIS Security and Intelligence Services (India) Ltd, चकाई (जमुई) द्वारा सुरक्षा क्षेत्र में विभिन्न पदों पर बहाली के लिए रोजगार कैंप का आयोजन किया जा रहा है।

इस रोजगार कैंप के माध्यम से कुल 175 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें सुरक्षा जवान के 100 पद, सुरक्षा सुपरवाईजर के 25 पद, कैश कस्टोडियन के 25 पद तथा सुरक्षा अधिकारी के 25 पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 10,000 रुपये से लेकर 29,500 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। सभी पद केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक से लेकर स्नातक तक रखी गई है, वहीं आयु सीमा 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।

रोजगार कैंप का आयोजन प्रखंडवार विभिन्न तिथियों को किया जाएगा। 24 दिसंबर 2025 को जिला नियोजनालय लखीसराय में कैंप आयोजित होगा। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को बीएसडीसी, रामगढ़चौक में, 7 जनवरी 2026 को हलसी प्रखंड में, 10 जनवरी 2026 को बीएसडीसी चानन में तथा 12 जनवरी 2026 को बीएसडीसी सूर्यगढ़ा में रोजगार कैंप लगाया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं रंगीन फोटो के साथ निर्धारित तिथि को चयन स्थल पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने बताया कि इस रोजगार कैंप का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवकों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर कैंप में भाग लें और इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं।