छपरा डॉक्टर किडनैपिंग केस : मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार, मुठभेड़ में दो जख्मी
- Post By Admin on Dec 20 2025
छपरा : बिहार के सारण जिले में चर्चित डॉक्टर सजल कुमार अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छपरा पुलिस ने इस केस के मास्टरमाइंड सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
शुक्रवार शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सारण के एसएसपी कुमार आशीष ने बताया कि इस अपहरण की साजिश एक एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉक्टर ने रची थी, जो पीड़ित डॉक्टर के साथ ही रहता था। आरोपी डॉक्टर एस.एन. सिंह ने पेशेवर अपराधियों को हायर कर करीब एक करोड़ रुपये की फिरौती वसूलने की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पटना निवासी डॉ. एस.एन. सिंह (शिव नारायण सिंह) के अलावा मोंटी भारती (डॉ. सिंह का कर्मचारी, बल्लभगढ़ हरियाणा), धीरज गिरी (साहेबगंज, छपरा), रंजन राय (दहियांवा, छपरा), सोनू राय (अवतार नगर थाना क्षेत्र, छपरा) और गोलू कुमार शामिल हैं, जिसे सबसे पहले गिरफ्तार किया गया था।
एसएसपी ने बताया कि 17 दिसंबर 2025 को डॉ. सजल कुमार के अपहरण के बाद नगर थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद एसएसपी के निर्देशन और एएसपी सदर राम पुकार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी रंजन राय और सोनू राय ने भगवान बाजार थाना क्षेत्र में पीएन सिंह कॉलेज के पीछे एक बगीचे में छिपाए गए हथियारों की जानकारी दी। जब पुलिस टीम हथियार बरामदगी के लिए वहां पहुंची, तो दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
एसएसपी कुमार आशीष के अनुसार, पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया गया और उनका इलाज कराया जा रहा है।
मुठभेड़ को लेकर भगवान बाजार थाने में अलग से एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल, एक रेगुलर पिस्तौल, दो कारतूस और अपहरण के दौरान छीने गए ड्राइवर व केयरटेकर के मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि रंजन राय और सोनू राय के खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसएसपी ने कहा कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।