समय से पहले मानसून ने दी दस्तक, सामान्य से अधिक बारिश की संभावना
- Post By Admin on May 14 2025

कोलकाता : भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे बंगालवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने समय से पहले अंडमान-निकोबार और दक्षिण बंगाल की खाड़ी में दस्तक दे दी है। मानसून की इस प्रारंभिक दस्तक से क्षेत्र में तेज हवाएं, घने बादल और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में मानसून देश के अन्य हिस्सों में भी तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है। विभाग ने बताया कि पिछले दो दिनों में निकोबार द्वीपसमूह में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण, निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर में पछुआ हवाओं का असर तेज हो गया है।
हवा की रफ्तार में वृद्धि
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर हवा की गति 20 समुद्री मील से अधिक हो गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 4.5 किलोमीटर तक बढ़ गई है। दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के शेष हिस्सों में भी दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
इस साल सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल में आमतौर पर मानसून का आगमन मध्य जून या जुलाई के आरंभ में होता है, लेकिन इस बार समय से पहले मानसून के आने से क्षेत्र में गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस साल मानसून की बारिश सामान्य से अधिक रहेगी, जिससे किसानों और आम लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।