भारत-पाक तनाव पर ट्रंप का बड़ा बयान, कहा - सीजफायर नहीं तो व्यापार नहीं

  • Post By Admin on May 13 2025
भारत-पाक तनाव पर ट्रंप का बड़ा बयान, कहा - सीजफायर नहीं तो व्यापार नहीं

न्यूयॉर्क : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि अगर दोनों देशों के बीच सीजफायर नहीं हुआ तो अमेरिका व्यापार नहीं करेगा।

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम नहीं होता तो परमाणु युद्ध की आशंका थी। उन्होंने दावा किया कि दोनों देश परमाणु युद्ध के मुहाने पर थे। ट्रंप का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन से ठीक पहले आया है।

व्यापार को हथियार बनाकर रोका युद्ध

व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा कि व्यापार एक बड़ा कारण था जिसके चलते उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच कथित 'लड़ाई' रुकवाई। उन्होंने कहा कि अमेरिका दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत करने के लिए तैयार है, लेकिन यह तभी संभव है जब दोनों देश युद्धविराम पर कायम रहें।

परमाणु युद्ध से बचाव का दावा

ट्रंप ने कहा, "हमने एक बड़े परमाणु संघर्ष को रोका। अगर युद्ध होता तो लाखों लोग मारे जाते। मैं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो को उनकी मेहनत के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।" उन्होंने कहा कि अमेरिका ने युद्धविराम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और दोनों देशों को शांति बनाए रखने में मदद की।

व्यापारिक समझौते पर जोर

राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका भारत और पाकिस्तान दोनों के साथ व्यापारिक संबंध बढ़ाने के लिए तत्पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर दोनों देश सीजफायर पर सहमत होते हैं तो अमेरिका उनके साथ व्यापार करेगा, अन्यथा नहीं।

भारत-पाकिस्तान को शांति बनाए रखने की अपील

ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देशों के नेता मजबूत और धैर्यवान हैं। उन्होंने कहा कि युद्धविराम के बाद अब अमेरिका भारत के साथ व्यापारिक बातचीत कर रहा है और जल्द ही पाकिस्तान के साथ भी बातचीत शुरू करेगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान ने भारत-पाक संबंधों में शांति की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब देखना यह होगा कि दोनों देश इस पर किस प्रकार की प्रतिक्रिया देते हैं।