जबलपुर : भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टी को कैंसिल कर दिया गया है। जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री भारतीय सेना के लिए गोला-बारूद बनाने वाली बड़ी फैक्ट्रियों में से एक है। यह सशस्त्र बलों को गोला-बारुद उपलब्ध कराती है। वहीं इसके पीछे की वजह के बारे में बताया गया है कि उत्पादन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए ऐसा कदम उठाया गया है।
दरअसल, मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में आयुध निर्माणी खमरिया में अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबी छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है। ऐसे में अब यहां कार्यरत कर्मचारी या अधिकारी दो दिन से अधिक की छुट्टियां नहीं ले सकेंगे। बता दें कि जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलता है। यह म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (एमआईएल) की सबसे बड़ी इकाइयों में से एक है, जो भारतीय सशस्त्र बलों को गोला-बारूद उपलब्ध कराती है।
दरअसल, एक तरफ पाकिस्तान के नेता आरोप लगा रहे हैं कि भारत उनपर हमला करने की कोशिश कर रहा है। वहीं, दूसरी तरफ पाकिस्तान की सेना खुद ही लगातार जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा यानी LoC पर सीजफायर का उल्लंघन कर रही है। पाकिस्तान की तरफ से बीते 10 दिनों से लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। भारतीय सेना भी पाकिस्तान की फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
























