पटना : महाकुंभ 2025 को हरित और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की ओर से रविवार को पटना के विजय निकेतन, राजेंद्र नगर में थैला-थाली पूजन और भारत माता आरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पटना महानगर संयोजक सुबोध कुमार मिश्र ने किया, जबकि उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक राज कुमार सिन्हा ने भारत माता की आरती से किया। राज कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ 2025 में 75 देशों के लगभग 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। इसे स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए पूरे भारत में थैला-थाली संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। पटना महानगर से इस अभियान की शुरुआत हुई, जिसमें हर घर से कपड़े का एक थैला और स्टील की थाली दान करने का आह्वान किया गया है।
अभियान का लक्ष्य एक करोड़ स्टील की थालियां एकत्र करना है, जिससे महाकुंभ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रतीक बन सके। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शांडिल्य ने कहा, "ग्लोबल वार्मिंग मानवता के लिए एक गंभीर खतरा है। इससे बचने का एकमात्र उपाय अधिक से अधिक पेड़ लगाना और उनकी सुरक्षा करना है।" उन्होंने अपने प्रेरक गीत "चंदन है इस देश की माटी" गाकर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। इस अवसर पर डॉ. सिद्धि स्तुति नयन, योगेश कुमार, प्रो. भगवान मिश्र, क्रिकेट कोच संतोष कुमार, दीपक कुमार, सुमन कुमार समेत कई गणमान्य व्यक्ति और युवा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए हर घर से योगदान की अपील की गई। इस आयोजन के माध्यम से महाकुंभ 2025 को हरित कुंभ बनाने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने सभी से स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।




















