महिला रोजगार योजना से 2 करोड़ 70 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य : सम्राट चौधरी

  • Post By Admin on Sep 07 2025
महिला रोजगार योजना से 2 करोड़ 70 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य : सम्राट चौधरी

पटना : बिहार में महिला रोजगार योजना की औपचारिक शुरुआत के साथ ही राज्य सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में यह योजना बिहार की 2 करोड़ 70 लाख महिलाओं को रोजगार से जोड़कर राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई तक ले जाएगी।

सम्राट चौधरी ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि 20 साल पहले नीतीश कुमार ने साइकिल और पोशाक योजना से बेटियों को शिक्षा के लिए प्रेरित किया था। वही बेटियां आज परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं और अब सरकार उनकी आर्थिक मजबूती के लिए रोजगार का अवसर दे रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 2 लाख रुपए तक की सहायता दी जाएगी। सितंबर से ही 10 हजार रुपए की पहली किस्त दी जाएगी ताकि महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकें।

उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों ने बिहार में महिला सशक्तिकरण की मिसाल कायम की है और नई योजना से उन्हें और मजबूती मिलेगी। “जैसे पहले बच्चियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया गया था, वैसे ही अब रोजगार के क्षेत्र में सहायता देकर उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा,” चौधरी ने कहा।

विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजद और कांग्रेस का इतिहास बिहार की जनता जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव ने 15 साल तक बिहार को लूटा और उससे पहले 40 साल कांग्रेस ने।

कश्मीर में अशोक स्तंभ से जुड़े विवाद पर उन्होंने महागठबंधन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह बिहार की अस्मिता और भारत की आत्मा पर हमला है। उन्होंने कहा कि अशोक स्तंभ का अपमान दरअसल बिहार का भी अपमान है और इस पर पूरे देश में आक्रोश है।