रोमन सम्राट नीरो की तरह निरंकुश हो गई हैं ममता बनर्जी : प्रद्युम्न राणा
- Post By Admin on Aug 28 2024

मुजफ्फरपुर : भाजपा बिहार प्रदेश ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता प्रद्युम्न राणा भट्ट ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। कोलकाता के आर.जी. मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी के खिलाफ छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हुए बर्बर लाठीचार्ज की घटना पर उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
राणा ने ममता सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जिस तरह से छात्रों के साथ बर्बरता की गई है, वह एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने ममता बनर्जी की तुलना रोमन सम्राट नीरो से करते हुए कहा कि जैसे नीरो ने रोम के नगर को जलता हुआ देख अपनी सारंगी बजाई थी, वैसे ही ममता बनर्जी बंगाल में हो रही अराजकता को नजरअंदाज कर रही हैं।
राणा ने याद दिलाया कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ की बेंच ने बंगाल सरकार को कड़ी फटकार लगाई थी और राज्य की पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने ममता बनर्जी के शासन की आलोचना करते हुए कहा कि बंगाल में जनता डरी हुई है, महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है, और उनकी एफआईआर भी दर्ज नहीं की जा रही है, जो बेहद गंभीर मामला है।
राणा ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह कभी पुलिस से निर्दोष छात्रों पर लाठीचार्ज करवाती हैं, तो कभी अपने गुंडों से विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं पर हमले करवाती हैं। एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद उनके शासनकाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह का कृत्य लोकतंत्र में अस्वीकार्य है और संविधान के खिलाफ है। यदि ममता बनर्जी लोकतंत्र में विश्वास करती हैं, तो उन्हें इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
प्रद्युम्न राणा ने यह भी कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान बंगाल वह एकमात्र राज्य था जहां राजनीतिक हिंसा हुई। उन्होंने केंद्र सरकार से बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग करते हुए कहा कि ममता बनर्जी अब राज्य की स्थिति को संभालने में असमर्थ हैं और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चुकी है।