कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाने का निर्देश

  • Post By Admin on May 23 2026
कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाने का निर्देश

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला कृषि कार्यालय, मिट्टी जांच कार्यालय, उद्यान विभाग, भूमि संरक्षण विभाग, सांख्यिकी विभाग, आत्मा, मत्स्य विभाग, गव्य विकास विभाग तथा वन प्रक्षेत्र कार्यालय द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन, लक्ष्य, उपलब्धि और लाभुकों की संख्या सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लाभुकों द्वारा किए गए कार्यों का नियमित भ्रमण और भौतिक सत्यापन करने पर भी जोर दिया।

डीएम ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा अधिकाधिक किसानों को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।