भाजपा प्रशिक्षण कार्यक्रम में विजय सिन्हा ने संगठन मजबूती और सुशासन पर दिया जोर
- Post By Admin on May 23 2026
लखीसराय : भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत लखीसराय के एक निजी होटल सभागार में आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह के नेतृत्व में किया गया।
उद्घाटन अवसर पर विजय कुमार सिन्हा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, माँ भारती और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रथम सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने गरीब कल्याण योजनाओं और उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल संगठन की शक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा, “मैं विजय सिन्हा नहीं, विजय बिहारी हूं। बिहार की मिट्टी, संस्कृति और यहां के लोगों के सम्मान के लिए समर्पित रहना ही मेरी पहचान है।” उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना, सुशासन, सेवा और जनसमर्पण भाजपा की मूल विचारधारा है तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांत आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महा अभियान संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय और जनसेवा के प्रति समर्पित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान भी किया।
दूसरे सत्र में भाजपा के क्षेत्रीय प्रभारी राजेश झा ने “भाजपा का इतिहास” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास राष्ट्रवाद, सेवा और वैचारिक संघर्ष की गौरवगाथा है। कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक परंपराओं को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य करना चाहिए।तीसरे सत्र में मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुमार प्रणव ने “विचार परिवार” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पित एक विचार परिवार है। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए वैचारिक प्रतिबद्धता, अनुशासन और सेवा भावना को आवश्यक बताया।वहीं चौथे सत्र में बाढ़ के विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने “बूथ प्रबंधन” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ ही संगठन की वास्तविक शक्ति का केंद्र होता है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनसंपर्क को प्रभावी करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी संजय कुमार सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, प्रमोद कुशवाहा, अमरजीत प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु कुमार, नवीन सिंह, गौतम मंडल, संजय सिंह, प्रमिला शर्मा, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, अभिषेक सिंह, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, प्रवक्ता मनोरंजन कुमार, रामानंद सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा पासवान, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनू चन्द्रवंशी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास आनंद सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।