गंगा स्नान के दौरान मची चीख-पुकार; दो सगी बहनों की मौत, दो लापता
- Post By Admin on Aug 17 2026
पटना : सावन के तीसरे सोमवार को पटना जिले के बख्तियारपुर में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रानीसराय गांव के पास गंगा नदी में नहाने गई सात बच्चियां अचानक गहरे पानी में डूबने लगीं। हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां अब भी लापता बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों की तत्परता से तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना सोमवार सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। सावन की सोमवारी के अवसर पर गांव की सात बच्चियां गंगा स्नान के लिए नदी किनारे पहुंची थीं। नहाने के दौरान एक बच्ची अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी बच्चियां भी गहरे पानी की ओर बढ़ गईं और देखते ही देखते सभी डूबने लगीं।
बच्चियों को डूबता देख नदी किनारे मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। इसी दौरान दूसरे गांव के एक व्यक्ति ने सूझबूझ दिखाते हुए नदी में बांस फेंका। तीन बच्चियों ने बांस पकड़ लिया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि, चार बच्चियां तेज बहाव की चपेट में आकर बह गईं। इनमें से दो बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे में दो सगी बहनों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, दो लापता बच्चियों की तलाश जारी है।