मुजफ्फरपुर: जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवरिया की गोली मारकर हत्या, सुरक्षा पर सवाल

  • Post By Admin on Aug 17 2026
मुजफ्फरपुर: जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवरिया की गोली मारकर हत्या, सुरक्षा पर सवाल

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में तीसरी सोमवारी से पहले एक कांवरिये की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना पारु थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा गांव की है, जहां जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवरिये को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना की पुष्टि सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने की है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

सावन के पवित्र महीने में बड़ी संख्या में कांवरिये विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में कांवरिये की गोली मारकर हत्या की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद कांवरियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं और घटना पर आक्रोश जताया है। तीसरी सोमवारी से पहले हुई इस वारदात ने पुलिस की तैयारियों और कांवरियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।