मुजफ्फरपुर में शुरू हुआ मीठे पानी में झींगा पालन, किसानों को कम लागत में अधिक मुनाफे की उम्मीद

  • Post By Admin on Oct 01 2026
मुजफ्फरपुर में शुरू हुआ मीठे पानी में झींगा पालन, किसानों को कम लागत में अधिक मुनाफे की उम्मीद

मुजफ्फरपुर: जिले के बंदरा प्रखंड स्थित मतलुपुर कोरलाहा चौड़ में संचालित बाबा मत्स्य हैचरी में अब झींगा मछली का भी उत्पादन शुरू किया गया है। बिहार सरकार के मत्स्य विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को मीठे पानी में झींगा पालन की विधिवत शुरुआत की गई। इसके साथ ही जिले में मछली पालन के साथ झींगा उत्पादन की दिशा में भी नई पहल शुरू हुई है।

करीब 87 एकड़ में फैली बाबा मत्स्य हैचरी में पहले से ही विभिन्न प्रजातियों की मछलियों का बड़े पैमाने पर पालन एवं उत्पादन किया जाता है। इसी क्रम में अब झींगा मछली के उत्पादन और संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहल की गई है। इसके लिए पहली बार भुवनेश्वर से एस्कीमपी प्रजाति के झींगा मछली का जीरा मंगवाया गया है। फिलहाल आधे एकड़ क्षेत्रफल वाले तालाब में झींगा पालन की शुरुआत की गई है। हैचरी संचालक शिवराज सिंह ने बताया कि मीठे पानी में झींगा मछली पालन का प्रयोग शुरू किया गया है। उत्पादन सफल रहने पर यहां से झींगा मछली के साथ जीरा की भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में आपूर्ति की जाएगी।

उन्होंने बताया कि झींगा मछली को तैयार होने में करीब तीन महीने का समय लगेगा। किसानों को इसके पालन का प्रशिक्षण देकर कम लागत में बेहतर उत्पादन और आय प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि झींगा पालन किसानों के लिए अतिरिक्त आय का माध्यम बन सकता है और इसके सफल होने पर बड़े स्तर पर उत्पादन की संभावनाएं बढ़ेंगी। इस अवसर पर रमन झा, डॉ. जितेंद्र, मुकेश कुमार, मनोहर राय, उपेंद्र कुमार, रमेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।