​"सदन में मजबूती से गूंजेगी शिक्षकों की आवाज", चोचहां में शिक्षक संवाद के दौरान गरजे विधान पार्षद

  • Post By Admin on Oct 02 2026
​

मुजफ्फरपुर : जिले के रामश्रेष्ठ सिंह कॉलेज, चोचहां में संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों के हित में एक महत्वपूर्ण 'शिक्षक संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस संवाद कार्यक्रम में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद (एमएलसी) डॉ. संजय कुमार सिंह ने शिरकत कर शिक्षकों की समस्याएं विस्तारपूर्वक सुनीं। बैठक के दौरान शिक्षकों ने वर्षों से लंबित अनुदान के नियमित भुगतान, स्थायी वेतनमान और सेवा संबंधी विसंगतियों को प्रमुखता से उनके समक्ष रखा।

शिक्षकों ने एमएलसी के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि संबद्ध महाविद्यालयों के प्राध्यापक और कर्मी लंबे समय से गंभीर आर्थिक और प्रशासनिक अनिश्चितताओं से जूझ रहे हैं। समय पर अनुदान न मिलने और उचित वेतनमान के अभाव में शिक्षकों की आर्थिक स्थिति दयनीय होती जा रही है। उन्होंने सरकार और विधान परिषद का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराकर इन समस्याओं के शीघ्र व स्थायी समाधान की पुरजोर मांग की।

शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए एमएलसी डॉ. संजय कुमार सिंह ने उन्हें पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों के मान-सम्मान, अनुदान और वेतनमान के अधिकार के लिए उनका संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने याद दिलाया कि वे पहले भी बिहार विधान परिषद में इस वर्ग की आवाज उठाते रहे हैं और आगे भी सरकार पर नीतिगत फैसलों के लिए दबाव बनाते रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी स्तर पर भी इन मांगों पर विचार चल रहा है, जिससे जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आने की उम्मीद है।

शिक्षक संवाद को बूटा के महासचिव डॉ. सुनील कुमार सिंह, प्राचार्य डॉ. पवन कुमार, सिंडिकेट सदस्य डॉ. सत्येंद्र कुमार 'टुनटुन', महाविद्यालय के सचिव अमोद कुमार तथा शिक्षक नेता डॉ. राम विनोद शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य सहित सभी प्राध्यापक और शिक्षकेतर कर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर अपने अधिकारों की पूर्ति के लिए ठोस पहल की अपेक्षा जताई।