लंगट सिंह कॉलेज में बापू और शास्त्री जी को नमन, शिक्षकों ने लिया महापुरुषों के सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प
- Post By Admin on Oct 02 2026
मुजफ्फरपुर : जिला स्थित ऐतिहासिक लंगट सिंह कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं गरिमामय माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर कॉलेज के गांधी उद्यान में स्थापित पूज्य बापू की प्रतिमा सहित पूरे परिसर में मौजूद सभी महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर विधिवत माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. एस. आर. चतुर्वेदी ने दोनों युगपुरुषों के अमूल्य योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर का यह ऐतिहासिक दिन देश के दो महान सपूतों के त्याग और समर्पण को नमन करने का दिन है। आज पूरा देश जहां एक ओर महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और नैतिक विचारों को आत्मसात करता है, वहीं दूसरी ओर लाल बहादुर शास्त्री के असीम देशप्रेम, सादगी और त्याग से नई ऊर्जा प्राप्त करता है। प्रो. चतुर्वेदी ने उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों से इन महापुरुषों के उच्च आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में उतारने का आह्वान किया।
प्रो. चतुर्वेदी ने आगे कहा कि स्वच्छता को लेकर गांधी जी का दृष्टिकोण आज 'स्वच्छ भारत अभियान' के माध्यम से जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी कदम—जैसे स्वच्छ भारत मिशन, महिला सशक्तिकरण, वंचितों व दलितों का उत्थान और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार—वास्तव में बापू के ग्राम स्वराज और अंत्योदय के सपनों को ही साकार कर रहे हैं।
इस श्रद्धांजलि सभा में डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. वेदप्रकाश दुबे, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. परमेश तिवारी, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. शिवेंद्र मौर्य, डॉ. आनंद कुमार सिंह, गुरु प्रसाद कश्यप, आकाश तिवारी सहित कई प्राध्यापक, शिक्षकेतर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने दोनों विभूतियों के बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।