पृथ्वी घूर्णन दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया 5 पौधों का रोपण

  • Post By Admin on Jan 08 2025
पृथ्वी घूर्णन दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया 5 पौधों का रोपण

पटना : पृथ्वी घूर्णन दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा पटना महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख हिमालय के नेतृत्व में 5 पौधों का रोपण किया गया। इस मौके पर पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि प्रयाग राज महाकुंभ 2025 को हरित कुम्भ बनाने हेतु सभी मानव का सहयोग अपेक्षित है।

शाण्डिल्य ने कहा कि जल, जमीन, जंगल, जानवर और जन (मानव) ये 5 तत्व पृथ्वी के पर्यावरण का हिस्सा हैं और इनकी सुरक्षा से ही मानव जीवन की रक्षा संभव है। उन्होंने भारतीय संस्कृति में प्राकृतिक सम्मान और प्रकृति माता के विचारों का उल्लेख किया। जिनके अनुसार पर्यावरण की सुरक्षा हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

उन्होंने यह भी कहा कि 8 जनवरी 1851 को फ्रांसीसी भौतिक वैज्ञानिक लियोन फौकॉल्ट ने साबित किया था कि पृथ्वी 24 घंटे में एक बार अपनी धूरी पर घूमती है जिससे दिन और रात का चक्र बनता है। इसी कारण से पृथ्वी घूर्णन दिवस मनाया जाता है।

पृथ्वी माता की सुरक्षा हेतु सभी को पौधारोपण के इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर डॉ. मेहता नगेन्द्र सिंह, निरज नयन, साक्षी कुमारी, शाहिल, केशव, दीपक कुमार और कई अन्य समाजसेवी भी उपस्थित रहे।

प्रकृति से जुड़ने और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए चलाए गए इस अभियान को लेकर सभी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और प्राकृतिक आपदाओं के खतरों से बचने के लिए इस तरह के आयोजनों को बढ़ावा देने की आवश्यकता जताई।