हराही पोखर सौंदर्यीकरण में तेजी के निर्देश, डीएम ने तालाबों के कार्य का लिया जायजा
- Post By Admin on Jul 30 2026
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को शहर के प्रमुख तालाबों के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के क्रम में हराही पोखर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हराही पोखर में चल रहे बोल्डर पिचिंग कार्य का विस्तार से अवलोकन किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली तथा परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने की तैयारियों का आकलन किया।
जिलाधिकारी ने बुडको के परियोजना निदेशक अभय कुमार एवं कार्य कर रहे संवेदक को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि हराही पोखर, गंगासागर एवं दिग्घी सहित शहर के प्रमुख तालाबों का सौंदर्यीकरण दरभंगा की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी कराने का निर्देश दिया।