बिहार की मुफ्त साइकिल योजना विदेशों में हिट, अफ्रीकी देश कर रहे लागू

  • Post By Admin on May 24 2023
बिहार की मुफ्त साइकिल योजना विदेशों में हिट, अफ्रीकी देश कर रहे लागू

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी साइकिल योजना का डंका विदेशों में भी बज रहा है। लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लाई गई यह योजना अब अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां बटोर रही है। इस योजना की सफलता को देखते हुए इसे जाम्बिया समेत 7 अफ्रीकी देशों में लागू किया गया है और अब संयुक्त राष्ट्र (UN) ने भी इस प्रोजेक्ट की कामयाबी का जिक्र करते हुए कहा कि इस स्कीम की वजह से स्कूलों में दाखिला लेने वाले लड़कियों की संख्या बढ़ी है। छात्राओं की उपस्थिति में भी इजाफा हुआ है। इस स्कीम से महिलाओं को सशक्त बनाने में भी मदद मिली है।

बताते चलें कि लड़कियों के लिए मुफ्त साइकिल योजना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रमुख योजनाओं में से एक है जो साल 2006 में शुरू की गई थी। इस योजना के तहत 9वीं से 12वीं कक्षा तक की लड़कियों को स्कूल जाने के लिए मुफ्त साइकिलें दी जाती हैं। अब लड़कियों के लिए साइकिल के बिहार सरकार के इस मॉडल को अफ्रीकी देशों में सफलतापूर्वक दोहराया गया है।

एक अध्ययन में बताया गया कि ज़ाम्बिया में बिहार के इस मॉडल के लागू होने के एक साल बाद, स्कूलों में लड़कियों की अनुपस्थिति में 27 प्रतिशत की कमी आई। वहीं देर से आने वाली छात्राओं में भी 66 प्रतिशत की कमी आई और स्कूलों में छात्राओं की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ। पढ़ाई और शिक्षा की समझ बढ़ने से वहां छात्राओं ने कम उम्र में शादी करने से इनकार कर दिया। इसी तरह से जाम्बिया में गर्भधारण की सही उम्र को लेकर जागरूकता बढ़ी तो इस मॉडल को संयुक्त राष्ट्र ने आगे बढ़ाया तो कुछ और अफ्रीकी देशों में इस ट्रेंड को फॉलो किया। अध्ययन के मुताबिक ये योजना शिक्षा में लैंगिक अंतर को कम करने में भी कामयाब रही है।