मुजफ्फरपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने बुधवार को उत्तर बिहार कार्यालय पर आगामी सदस्यता अभियान के संबंध में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस प्रेस वार्ता में प्रांत मीडिया संयोजक पुष्कर सिंह, प्रांत सदस्यता सह संयोजक कुमारी नैना, जिला सदस्यता प्रभारी सुशांत सिंह, और महानगर सदस्यता प्रभारी दीपेश कुमार मौजूद थे।

प्रांत मीडिया संयोजक पुष्कर सिंह ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, "अभाविप का सदस्यता अभियान मात्र एक अभियान नहीं, बल्कि एक महापर्व है। इसे हम 1 से 31 अगस्त तक तीन चरणों में आयोजित करेंगे। अभाविप एक ऐसा चलायमान छात्र संगठन है, जो सालभर शैक्षणिक कैंपों और समाज के बीच काम करता है। यह संगठन न केवल छात्रों की समस्याओं का समाधान करता है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करता है।"

प्रांत सदस्यता सह अभियान प्रमुख कुमारी नैना ने मुजफ्फरपुर महानगर के लिए सदस्यता लक्ष्य 15,000 निर्धारित किया है। उन्होंने कहा, "हम सभी मिलकर इस लक्ष्य को पूरा करेंगे।"

जिला सदस्यता संयोजक सुशांत कुमार ने जानकारी दी कि सदस्यता अभियान का उद्घाटन कल तिरहुत विद्यालय अघोरिया बाजार से शुरू होगा और बी.बी. कॉलेजिएट में भी आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत अभाविप कार्यकर्ता अपने किए गए कामों, विचारधारा, और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को जोड़ेंगे।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन के साथ जोड़ना है, ताकि वे शैक्षणिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। अभाविप का यह प्रयास छात्रों को सशक्त बनाने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।