बिहार में बढ़ते अपराध पर तेजस्वी का हमला, बोले—नीतीश कुमार कमजोर मुख्यमंत्री
- Post By Admin on Feb 11 2026
पटना : बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को “कमजोर मुख्यमंत्री” बताते हुए कहा कि बिहार में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार हालात पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में लगातार छोटी बच्चियों और महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत और दरभंगा में बच्ची से दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक के बाद एक गंभीर मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार सिर्फ बयानबाजी तक सीमित है। राजद इन मामलों को लेकर लगातार सरकार से सवाल कर रही है, यहां तक कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी सदन में यह मुद्दा उठाया है।
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री की भाषा पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि सरकार सवालों का जवाब देने के बजाय जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही है, वह एक मुख्यमंत्री के पद के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व महिला मुख्यमंत्री के लिए इस तरह की टिप्पणी करना न सिर्फ अशोभनीय है, बल्कि महिलाओं के प्रति सरकार की सोच को भी उजागर करता है।
राजद नेता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सेहत और उम्र को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उम्र बढ़ने के साथ बीमारी भी बढ़ती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पहले विदेश जाकर इलाज करा चुके हैं और अब सदन में उनका माइक तक बंद कराया जा रहा है।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए लिखा कि डिमेंशिया और अल्जाइमर जैसी बीमारियों का प्रभाव बढ़ने पर व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर हो जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर महिलाओं के प्रति संकीर्ण और नकारात्मक सोच रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी मानसिकता के कारण राज्य में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है।
तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव और बढ़ने की संभावना है।