नशामुक्त समाज का संदेश लेकर निकली ब्रह्माकुमारी संस्थान की शिवरात्रि शोभायात्रा

  • Post By Admin on Feb 10 2026
नशामुक्त समाज का संदेश लेकर निकली ब्रह्माकुमारी संस्थान की शिवरात्रि शोभायात्रा

मुजफ्फरपुर: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, बिहार–झारखण्ड जोनल मुख्यालय मुजफ्फरपुर स्थित सुख शांति भवन, आमगोला के अंतर्गत भगवानपुर सेवा केंद्र की ओर से भगवानपुर क्षेत्र में भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भगवानपुर सेवा केंद्र की संचालिका बी.के. मीरा एवं बी.के. लक्ष्मी के निर्देशन में संपन्न हुआ।

शोभायात्रा में सेवा केंद्र से जुड़े भाई-बहनों ने उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ सहभागिता की। यात्रा के दौरान नाट्य मंचन और जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को नशामुक्ति का सशक्त संदेश दिया गया। नाटक के जरिए यह दर्शाया गया कि शराब, पान, बीड़ी, तम्बाकू और ड्रग्स जैसे नशे किस तरह समाज को भीतर से खोखला कर रहे हैं और परिवार व युवा पीढ़ी पर इसके गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से गीता ज्ञान दाता परमपिता परमात्मा शिव के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुँचाया गया। वक्ताओं ने कहा कि परमात्मा शिव के ज्ञान और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाकर वर्तमान कलयुगी समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है और भारत में पुनः सुख, शांति एवं नैतिक मूल्यों से युक्त समाज की स्थापना की जा सकती है।

शोभायात्रा में बी.के. पुष्पा, बी.के. पूजा, बी.के. उषा, बी.के. शैल, रामप्रवेश सिंह, रामाशंकर, राजकुमार, शिव कुमार, सुजीत कुमार सहित अनेक भाई-बहनों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और नशामुक्ति व आध्यात्मिक जागरूकता के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।