शराब शुरू करके उसके टैक्स से मिलने वाले पैसे से बेहतर हो सकती है शिक्षा व्यवस्था : प्रशांत किशोर

  • Post By Admin on Sep 23 2024
शराब शुरू करके उसके टैक्स से मिलने वाले पैसे से बेहतर हो सकती है शिक्षा व्यवस्था : प्रशांत किशोर

मुजफ्फरपुर : पटना में आयोजित 'शिक्षा संवाद' के दौरान जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए एक अहम सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की बदहाल शिक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए 5 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त पूंजी निवेश की आवश्यकता है। यह राशि 50 हजार करोड़ रुपये के अतिरिक्त होगी, जो वर्तमान में बिहार सरकार शिक्षा पर खर्च कर रही है।

प्रशांत किशोर ने इस पूंजी को जुटाने के लिए शराबबंदी को हटाने का सुझाव दिया। उनका मानना है कि शराब से मिलने वाले टैक्स को अगले 20 वर्षों तक सिक्योरिटाइज कर, इसे राज्य की शिक्षा व्यवस्था के विकास के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शराब से होने वाले राजस्व का उपयोग अन्य मदों में न होकर केवल बच्चों की शिक्षा और राज्य के भविष्य को बेहतर बनाने में किया जाए।

प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि इस सुझाव को कानूनी प्रावधानों में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि राजस्व केवल शिक्षा के लिए ही खर्च किया जाएगा। जन सुराज अभियान के घोषणापत्र में भी इसे स्पष्ट किया जाएगा।