मुजफ्फरपुर: जिले की लोकसभा सीट पर मिली बड़ी जीत के बाद भाजपा ने मिशन 2025 की तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को स्थानीय गोबरसही स्थित उदय ग्रैंड होटल में भाजपा की विस्तृत जिला कार्यसमिति बैठक हुई, जिसमें संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने की।

बैठक का उद्घाटन बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि विपक्ष की गलत धारणाओं को दूर कर भाजपा की विचारधारा को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार बिहार में फिर से बनेगी और सभी असामाजिक तत्वों का सफाया किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मिली जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। भाजपा-एनडीए गठबंधन की यह ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही।

कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा समेत अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। मंच संचालन जिला महामंत्री धर्मेंद्र साहू और धन्यवाद ज्ञापन युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भारत रत्न यादव ने किया।

बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार में एनडीए की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया।