उपेंद्र कुशवाहा ने जदयू से दिया इस्तीफा, बनाएंगे नई पार्टी

  • Post By Admin on Feb 20 2023
उपेंद्र कुशवाहा ने जदयू से दिया इस्तीफा, बनाएंगे नई पार्टी

पटना : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में आर-पार की लड़ाई पर उतरे उपेंद्र कुशवाहा ने आखिरकार पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। पटना में अपने समर्थकों के साथ दो दिनों तक बैठक करने के बाद सोमवार को उपेंद्र कुशवाहा ने जदयू छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने अपने फैसले की जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को दे दी है। इससे पहले कुशवाहा की समर्थकों की बैठक में नयी पार्टी बनाने का फैसला लिया गया था।

उपेंद्र कुशवाहा रविवार से पटना में जदयू के नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। पूरे बिहार से आये जदयू के हजारों कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव को सत्ता सौंपने का फैसला इस राज्य को बर्बाद कर देगा। बिहार में फिर से जंगलराज वापस आयेगा। कुशवाहा ने कहा कि समता पार्टी और जेडीयू का गठन ही जंगलराज को खत्म करने के लिए हुआ था। जेडीयू के कार्यकर्ता जंगलराज को वापस नहीं आने देंगे।

कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार अपने मन से फैसला नहीं ले रहे हैं। उन्हें दो-तीन लोगों के कॉकस ने घेर लिया है। वे ही नीतीश कुमार से फैसले करवा रहे हैं। कुशवाहा ने कहा कि उन्होंने कई बार नीतीश कुमार को बताया कि पार्टी कमजोर हो रही है। उन्हें कार्यकर्ताओं की भावना से अवगत कराया, लेकिन कोई बात नहीं सुनी गयी। ऐसे में अब कोई दूसरा रास्ता नहीं बच गया था।