प्रजनन के बाद जंगल में छोड़े जाएंगे सफेद पीठ वाले गिद्ध : भूपेंद्र यादव

  • Post By Admin on Feb 20 2023
प्रजनन के बाद जंगल में छोड़े जाएंगे सफेद पीठ वाले गिद्ध : भूपेंद्र यादव

नई दिल्ली : केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को पिंजौर स्थित गिद्ध संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र का दौरा किया। इस मौके पर भूपेन्द्र यादव ने कहा कि प्रजनन के बाद गिद्धों को जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वर्ष 2023-24 के दौरान जंगल में ओरिएंटल सफेद पीठ वाले गिद्धों को छोड़ने का प्रस्ताव है। छोड़े गए पक्षियों पर एक वर्ष तक उपग्रह ट्रांसमीटरों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इस दौरान इन गिद्धों में आए किसी भी तरह के व्यवहार संबंधी समस्याओं पर निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि गिद्ध डाइक्लोफेनाक विषाक्तता के कारण उनकी मौत न हो। इसके बाद पक्षियों को हर साल नियमित रूप से जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

जटायु कंजर्वेशन ब्रीडिंग सेंटर की स्थापना भारत में गिद्ध के तीन प्रजातियों की संख्या में लगातार कमी को देखते हुए की गई थी। इन प्रजातियों में ओरिएंटल व्हाइट-बैक्ड, लॉन्ग-बिल्ड और स्लेंडर-बिल्ड गिद्ध शामिल हैं। यह हरियाणा वन विभाग और बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के सहयोग से किया जा रहा है। केंद्र का मुख्य उद्देश्य गिद्धों की 3 प्रजातियों में से प्रत्येक की 25 जोड़े की एक संस्थापक आबादी स्थापित करना और कम से कम 200 पक्षियों की आबादी का उत्पादन करना है। इन सभी प्रजातियों को जंगल में छोड़ा जाएगा।